Loading...

क्रिकेट खेलते समय रिसा खड्ड में डूबा 12वीं कक्षा का छात्र, मौत

PARUL • 8 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी के उपमंडल सरकाघाट के 12वीं कक्षा के छात्र की रिसा खड्ड में डूबने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान साहिल (16) पुत्र कमलेश कुमार निवासी गांव जरल पंचायत चौक ब्रार्डता उपमंडल सरकाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा कि साहिल के पिता कमलेश कुमार टैक्सी चालक हैं। साहिल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।

प्राप्त जानकरी के अनुसार, साहिल अपने दोस्त के साथ रिसा खड्ड किनारे स्थित मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। इस दौरान क्रिकेट खेलते समय उनकी गेंद साथ लगती खड्ड में गिर गई। वह गेंद को पकड़ने गया कि तभी उसका पैर फिसला और वह खड्ड में डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे खड्ड से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।

जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है। डीएसपी संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि की है।