क्रिसमस, न्यू ईयर से पहले हिमाचल के होटलों में बढ़ी भीड़, 70 फीसदी तक कमरे बुक
HNN/ शिमला
साल 2023 का अंतिम महीना चल रहा है। नए साल 2024 के आने में कुछ ही दिन बचे हैं। साथ ही 25 दिसंबर को क्रिसमस भी है। इस बार न्यू ईयर और क्रिसमस पर रिकॉर्ड सैलानियों के आने की उम्मीद है। बता दें कि न्यू ईयर के लिए एडवांस बुकिंग होना शुरू हो गई है।
नए साल में सभी होटल बुक रहने की उम्मीद भी जताई जा रही है। बता दें कि इन दिनो जो भी पर्यटक होटल बुक कर रहे हैं, उन्होंने क्रिसमस तक बुकिंग कर रखी है। कुछ पर्यटकों ने तो नए साल तक बुकिंग कर ली है। पर्यटकों के आने से अब होटल कारोबारियों के चेहरे भी गुलजार हो गए हैं।
शिमला और चायल में 50 फीसदी जबकि कसौली में होटलों के 70 फीसदी तक कमरे बुक हो गए हैं। वहीं, बर्फ का दीदार करने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी कुल्लू-मनाली का रुख कर रहे हैं। धर्मशाला और डलहौजी में भी वीकेंड पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है।
फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले वीकेंड पर हिमाचल में सैलानियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है।