क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में अब दो रेडियोलॉजिस्ट देंगें स्वास्थ्य सेवाएं
HNN/ ऊना
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के निर्देश दिए हैं। इस तैनाती के बाद रेडियोलॉजिस्ट की संख्या दो हो जाएगी। अभी तक नए रेडियोलॉजिस्ट ने अस्पताल में कार्यभार नहीं संभाला है। कार्यभार संभालते ही मरीजों को एक अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
बता दें जिले में दूसरे रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के निर्देश जारी कर जिलावासियों को एक बड़ी सौगात दी है। जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट सेवाएं दे रही हैं। ऐसे में रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड की सुविधा बंद हो जाती है।
ऐसे में मरीजों को महंगे दामों पर निजी लैब में जाकर अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता है। इसके अलावा कुछ मरीज रेडियोलॉजिस्ट के आने पर ही अल्ट्रासाउंड करवाते हैं। लेकिन अब अस्पताल में दो रेडियोलॉजिस्ट होने पर अल्ट्रासाउंड सेवाओं के लिए मरीजों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।