Loading...

हिमाचल में औद्योगिक निवेश को मिलेगी नई रफ्तार, निवेश प्रोत्साहन विधेयक का उद्योगपतियों ने किया स्वागत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Mins Ago • 1 Min Read

कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बताया उद्योग जगत के लिए बड़ा कदम, मुख्यमंत्री सुक्खू और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का जताया आभार

कालाअंब

हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो | कालाअंब

शैलेश सैनी

कालाअंब, 23 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण फैसले का उद्योग जगत ने जोरदार स्वागत किया है। विधानसभा में हिमाचल प्रदेश निवेश प्रोत्साहन विधेयक-2026 पारित होने को कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रदेश के औद्योगिक भविष्य के लिए बड़ा और दूरगामी कदम करार दिया है। उद्योगपतियों का मानना है कि इस पहल से न केवल नए निवेश के रास्ते खुलेंगे, बल्कि मौजूदा उद्योगों का भरोसा भी मजबूत होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संगठन महासचिव रूपेंद्र ठाकुर ने जारी प्रेस बयान में कहा कि निवेश प्रोत्साहन विधेयक का पारित होना इस बात का संकेत है कि प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना, निवेशकों का विश्वास जीतना और औद्योगिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाना आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार की इस पहल से प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि पहले से संचालित उद्योगों को विस्तार की दिशा में सकारात्मक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को उम्मीद है कि विधेयक के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने से निवेश संबंधी प्रक्रियाओं में सरलता आएगी और औद्योगिक समुदाय की समस्याओं के समाधान को गति मिलेगी। हालांकि, इस पहल की वास्तविक सफलता इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी।

चैंबर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और सकारात्मक प्रयासों से विधानसभा में यह महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुआ है। उद्योग जगत इसे प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देख रहा है।

रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज प्रदेश सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से हिमाचल प्रदेश को निवेश और औद्योगिक विकास के पसंदीदा केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

चैंबर ने उम्मीद जताई कि सरकार विधेयक के प्रावधानों को जल्द प्रभावी रूप से लागू करेगी, ताकि उद्योगों को इसका व्यावहारिक लाभ मिल सके और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिले।

Related Topics: • •