खजुरना पुल के पास हरियाणा का व्यक्ति चिट्टे व नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार
HNN/नाहन
जिला मुख्यालय नाहन के अंतर्गत डिटेक्शन सेल टीम ने खजुरना पुल के पास एक हरियाणा के व्यक्ति को 22.92 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 960 ट्रामाडोल कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान रोशन लाल उर्फ विक्की पुत्र रतन लाल निवासी जोरासी खुर्द, डाकघर बोडगी, तहसील पेहुवा, जिला कुरूक्षेत्र, हरियाणा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खजुरना पुल के साथ जामन की पुलिया के पास आरोपी रोशन लाल के वाहन नंबर एचआर 12 वाई- 8814 को जांच के लिए रोका।
जांच के दौरान उसके कब्जे से 22.92 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 960 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। जिसके बाद उन्होंने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।