HNN / ऊना
उपमंडल हरोली के तहत आते कुठारबीत में एक खड़े टिप्पर से व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह पुत्र सूबा सिंह जिला पंजाब, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार को गुरदीप सिंह कपूरथला से कुठारबीत क्रेशर में बजरी लेने आया हुआ था। शाम को बजरी लोड करने के बाद वह क्रेशर के बाहर सड़क किनारे टिप्पर खड़ा कर अंदर सो गया।
गाड़ी मालिक द्वारा देर शाम क्रेशर मालिक को फ़ोन कर उपरोक्त चालक के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बाहर देखा कि टिप्पर बाहर ही खड़ा है। जब उन्होंने टिप्पर के अंदर झांककर देखा तो गुरदीप सिंह अंदर पड़ा हुआ था। बाहर से आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया, तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टिप्पर खोलकर अंदर देखा तो गुरदीप सिंह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।
उधर, एएसपी प्रवीण धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। व्यक्ति की मौत कैसे हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।

