खड्ड में पत्थरों के नीचे दबा मिला 53 वर्षीय व्यक्ति का शव
HNN/मंडी
जिला मंडी के जोगिंद्रनगर उपमंडल में बीते चार दिन पहले लापता हुए 53 साल के व्यक्ति का खड्ड में पत्थरों के नीचे दबा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हत्या व आत्महत्या की आशंका पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मोहन सिंह, निवासी मतकेहड़ द्राहल जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है, जो 12 जून से अचानक घर से लापता हो गया था।
उसकी तलाश को लेकर परिजन दर-दर भटक रहे थे। परिजनों ने व्यक्ति के लापता होने की स्थानीय पुलिस में शिकायत दी थी। शनिवार देर रात द्राहल पंचायत के रोपी गांव के साथ लगती रणा खड्ड में शव बरामद हुआ है। बस्सी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।