Loading...

खनेरी अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट तैनात, अब हो सकेंगे एक्सरे और अल्ट्रासाउंड

By PARUL Published: 31 Mar 2024, 3:50 PM | Updated: 31 Mar 2024, 3:54 PM 1 min read

HNN/शिमला

महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में रेडियोलाजिस्ट के आने से अब एक्सरे व अल्ट्रासाउंड हो सकेंगे। रेडियोलाजिस्ट की तैनाती होने से मरीजों व गर्भवती महिलाओं ने राहत की सांस ली है, क्योंकि उन्हें निजी क्लीनिकों में महंगे दाम पर एक्स-रे अल्ट्रासाउंड करवाने पड़ रहे थे।

सितंबर 2023 को रेडियोलाजिस्ट के जाने के बाद से यह सुविधा बंद थी। चार जिलों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले खनेरी अस्पताल में एक्सरे व अल्ट्रासाउंड होने से सैकडों लोगों को लाभ मिलेगा। सात माह से उपमंडल रामपुर व आसपास के मरीजों अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए निजी क्लीनिकों में जेब ढीली करनी पड़ रही थी।

अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों ओपीडी होती है और हर दिन चिकित्सक 100 से अधिक मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए कहते हैं। रेडियोलाजिस्ट न होने से मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे थे और निजी क्लीनिकों में 800 से 2300 रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। वहीं खनेरी अस्पताल के एमएस डॉ. प्रकाश ने कहा कि अस्पताल में एक्सरे व अल्ट्रासाउंड की सुविधा से मरीजों को राहत मिलेगी।