खराब मौसम के कारण बालटाल और पहलगाम के दो मार्गों पर रोकी गई अमरनाथ यात्रा
आसमान से हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है, इससे आधा हिन्दुस्तान पानी पानी हो गया है और हाहाकार की तमाम तस्वीरें सामने आ रही हैं। मैदानी इलाकों में सड़कें दरिया बन गई हैं और पहाड़ों पर कहीं भूस्खलन तो कहीं बादल फट रहे हैं। कश्मीर में मौसम खराब होने के चलते अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है।
ये यात्रा बालटाल और पहलगाम के रास्ते रोकी गई। अमरनाथ यात्रा के लिए देश दुनिया से रोजाना हजारों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। इस बीच वीरवार को 17202 यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। वहीं यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 84,768 श्रद्धालु दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
3,200 से अधिक तीर्थयात्रियों को नुनवान, पहलगाम आधार शिविर में और 4,000 तीर्थयात्रियों को बालटाल आधार शिविर में रोका गया है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू होगी।’ मौसम ठीक होते ही एक बार फिर यात्रा को शुरू किया जाएगा। यात्रा शुरू होने पर अगले दो से तीन दिन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा एक लाख के पार जा सकता है।