खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी जीप, 10 घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी में जोगिंद्रनगर-सरकाघाट हाइवे पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां बसाही के ठापरी मोड़ पर श्रद्धालुओं से भरी एक जीप खाई में जा गिरी। हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
घायलों की पहचान रीना देवी (26) पुत्री गेहरू राम निवासी सेंठी कमेहड़, अनवी ठाकुर (18) पुत्र ईश्वर दास निवासी सेंठी, नाग देव (57) पुत्र मस्त राम गांव लंघा, शांतनु (16) पुत्र चंद्रमणि निवासी नेरी चिमणू, नानसी (10) पुत्री विजय कुमार निवासी बस्सी मकरीड़ी, लता (32) पुत्री दिनेश निवासी सेंठी, विजय कुमार (39) पुत्र बख्शी राम निवासी बस्सी मकरीड़ी, दिनेश कुमार (40) पुत्र नारायण गांव सेंठी, गीतू राम (52) पुत्र शुक्रु राम निवासी लांगणा तथा चालक चंद्रमणि के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग माता चतुर्भुजा मंदिर से धार्मिक अनुष्ठान के बाद अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान जब वह ठापरी मोड़ के पास पहुंचे तो उनकी जीप खाई में जा गिरी। हादसे में जीप सवार 10 श्रद्धालु घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जोगिंद्रनगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद दिनेश कुमार, रीना देवी, अनवी, नाग देव तथा नानसी को टांडा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।