Loading...

खेतीबाड़ी की आधुनिक तकनीक सीखने जापान जाएंगे हिमाचल के इतने युवा…

Ankita • 14 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

कृषि क्षेत्र से युवाओं को रोजगार देने की जापान सरकार की एजेंसी जाइका से वित्त पोषित हिमाचल फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना के तहत हर साल 20 से 25 युवाओं को जापान में आधुनिक कृषि का प्रशिक्षण देने के लिए भेजा जाएगा। इसमें ऐसे युवाओं का चयन होगा जो परियोजना के तहत चिन्हित की गई सिंचाई योजनाओं के क्षेत्र विशेष से संबंध रखते हों और इनके माता-पिता इन सिंचाई योजनाओं के तहत आने वाले क्षेत्र के स्थायी निवासी व प्रगतिशील कृषक हों।

इन युवाओं की शैक्षणिक योग्यता कम से कम बाहरवीं कक्षा हों और कृषि व्यवसाय में यह अपना करियर बनाने के इच्छुक हों। 2026 तक अलग-अलग बैच में करीब 150 युवाओं को प्रदेश सरकार जापान भेजेगी। इस चयन में शुरुआती चरण के सिलेक्शन में इन युवाओं को कौशल विकास निगम छह माह का शुरुआती प्रशिक्षण राज्य में ही देगा। इसमें इन्हें जापान के आचार व्यवहार, कानून, संस्कति, भाषा आदि का पूर्ण ज्ञान निगम की ओर से दिया जाएगा।

वहीं छह माह का राज्य में सरकारी खर्च पर होने वाला प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कौशल विकास निगम इन्हीं युवाओं का एक स्क्रीनिंग टेस्ट लेगी, जिसमें पास होने के बाद इन्हें जापान भेज दिया जाएगा। इनके वीजा और दूसरी औपचारिकताओं को कौशल विकास निगम की ओर से पूरा किया जाएगा। इन्हें एग्रीकल्चर इंटर्न का नाम दिया जाएगा। जापान पहुंचने के बाद वहां की सरकार में कृषि सहकारी संस्थाओं में इन युवाओं को कृषि के आधुनिकतम तौर तरीकों व विपणन आदि तक का पूरा प्रशिक्षण मिलेगा।