Loading...

खेलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दसवीं कक्षा की छात्रा मानसी को ट्रैक सूट एवं स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

By PARUL Published: 1 Oct 2023, 6:20 PM | Updated: 1 Oct 2023, 6:20 PM 1 min read

HNN/ऊना/ वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल के तहत ग्राम पंचायत खरयालता में डोगरा क्रिकेट क्लब रौणखर के प्रबंधक अभिषेक डोगरा व टीम सदस्यों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलमेहडा में दसवीं की छात्रा मानसी राणा को खेलों में उत्कृष्ट कार्य करने पर ट्रैकसूट एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर क्रिकेट क्लब की ओर से प्रदेश एवं तलमेहडा स्कूल का नाम रोशन करने पर मानसी राणा एवं उनके माता-पिता को शुभकामनाएं दी।

डोगरा क्रिकेट क्लब रौणखर के प्रबंधक अभिषेक डोगरा ने कहा कि ग्राम पंचायत खरयालता व ग्राम पंचायत डीहर के बच्चों के लिए छात्र सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। हर अच्छे काम की शुरुआत घर द्वार से ही शुरू होती है। उन्होंने कहा कि तलमेहडा गांव मेरी जन्म भूमि है। अपने क्षेत्र को बुलंदियों तक पहुंचाने में अपना योगदान हमेशा देता रहूंगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में 10वीं और 12वीं में टॉप करने वाले छात्रों को 11000 रुपए की नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन दोनों पंचायतों के बच्चे चाहे कहीं भी किसी भी स्कूल में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें उन्हीं के स्कूल में जाकर नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

अभिषेक डोगरा का कहना है कि हमारे पास संसाधन अभी कम है। केवल अभी शुरुआत है। भविष्य में छात्र सम्मान कार्यक्रम को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र एवं कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत के बच्चों को छात्र सम्मान कार्यक्रम से प्रदेश में टॉप- 10 में रहे बच्चों को भी सम्मानित व लाभांवित करने का निर्णय लिया है। इससे प्रोत्साहित होकर-छात्र अपने विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।