Loading...

गणतंत्र दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल के दौरान खूब थिरके विद्यार्थी  

PRIYANKA THAKUR 23 Jan 2023 Edited 23 Jan 1 min read

HNN /नाहन

नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आगामी 26 जनवरी को आयोजित किये जाने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में जहां भव्य मार्च पास्ट देखने को मिलेगा, वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी चौगान मैदान सराबोर रहेगा।

नाहन के विभिन्न निजी व सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी आजकल जिला लोक सम्पर्क अधिकारी की देखरेख में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रियाज कर रहे हैं। गौरतलब है कि सिरमौर जिला के नाहन में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चैहान करेंगे।

विधायकों व जिला प्रशासन के अधिकारियाें सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी इस समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगेे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला लोक सम्पर्क अधिकारी प्रेम ठाकुर ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के संबोधन के उपरांत लगभग 50 मिनट का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।

लोगों के स्वस्थ मनोरंजन के लिये सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को बेहतर व आकर्षक बनाने के प्रयास किये गए हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में  डाईट संस्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र व छात्रा, एस.वी.एन स्कूल, ए.वी.एन स्कूल तथा आस्था स्कूल के छात्र छात्राएं भाग लेंगी।

सभी स्कूल रिहर्सल में जुट गए हैं और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के ड्रामा इंस्पेक्टर  मनोज भारद्वाज की देखरेख में प्रस्तुति को अंतिम रूप दिया जा रहा है।