गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा एल्जेन फार्मा परिसर
दस दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य आगाज, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ गणपति प्रतिमा का स्वागत
कालाअंब
कालाअंब। एल्जेन हेल्थकेयर लिमिटेड कालाअंब परिसर में सोमवार को गणपति बप्पा की स्थापना के साथ दस दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। गणपति प्रतिमा के परिसर में पहुंचने पर भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
गणेश महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कंपनी प्रबंधन से संजीव कुमार भाटिया, नेहा भाटिया, रोहित शर्मा, इंदरजीत वासन, रुचिका और मयंक ठाकुर सहित कर्मचारी मौजूद रहे। पंडित प्रदीप शुक्ला ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाकर गणपति भगवान की स्थापना करवाई। दस दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन के दौरान विभिन्न भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सामाजिक जिम्मेदारी को भी दे रही प्राथमिकता
एल्जेन फार्मा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करती रही है। कंपनी की ओर से समय-समय पर युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से खेल गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण तथा बुजुर्गों की सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में सहयोग किया जाता है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि सामाजिक विकास में उद्योग जगत की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है और इसी भावना के साथ समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सकारात्मक सोच और सामाजिक एकजुटता का संदेश
एल्जेन फार्मा के एमडी संजीव भाटिया और नेहा भाटिया ने गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश सुख, समृद्धि और शुभता के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को आपसी भाईचारे और सकारात्मक सोच के साथ जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरी गंभीरता से निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी से स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।