गलती एक ने की, भुगत रहा पूरा समुदाय- बॉबी अहमद
अंजुमन इस्लामिया कमेटी नाहन अध्यक्ष ने की पत्रकारवार्ता
HNN/ नाहन
कथित गोकशी के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने कड़े शब्दों में निंदा की है। शनिवार को अंजुमन इस्लामिया कमेटी नाहन के अध्यक्ष बॉबी अहमद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गलती एक युवक ने की, लेकिन अब इसे पूरा समुदाय भुगत रहा है।
उन्होंने कहा कि गोकशी के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिगड़े हालात व माहौल के चलते अबतक राज्यों के समुदाय से संबंधित 16 दुकानदार शहर से दुकानें खाली कर लौट चुके हैं। लगातार नाहन शहर में हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राजनीति चमकाने वाले कुछ छुटभैया नेता इस मामले को तूल देने में लगे हैं।
इसके चलते शहर का माहौल बिगड़ रहा है। बॉबी अहमद ने कहा कि किसी मवेशी को काटते हुए फोटो सोशल मीडिया पर डालना गलत है। नाहन में कपड़े की दुकान चला रहे उत्तरप्रदेश के जावेद ने सोशल मीडिया पर फोटो डालकर यहां का माहौल बिगाड़ा। विशेष समुदाय इस घिनौनी हरकत के बाद बदनाम हुआ है।
ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद शहर में दुकानें तोड़ी गईं। दुकानों से सामान बाहर फेंका गया। ऐसे लोगों पर भी नकेल कसने की आवश्यकता है। ताकि शहर का माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे।
उन्होंने कहा कि 26 जून को भी नाहन में बैठक बुलाई गई है। जिला प्रशासन से भी संबंधित मामले में वार्ता की हुई है। अब यदि नाहन शहर का माहौल बिगड़ता है और दंगे फसाद होते हैं तो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर कैप्टन सलीम अहमद भी मौजूद रहे।