गश्त के दौरान चिट्टे सहित गिरफ्तार किया युवक
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस की टीम ने ज्वालमुखी-टिहरी रोड पर एक युवक को 2.96 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान ईशान शर्मा (35) पुत्र अशोक कुमार शर्मा निवासी वार्ड नंबर-3 ज्वालामुखी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना ज्वालामुखी की टीम टिहरी रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान जब वह गाड़ी में लकड़ी डिपो के पास पहुंचे तो टिहरी की तरफ से एक व्यक्ति पैदल ज्वालामुखी की तरफ आ रहा था। पुलिस की गाड़ी को आता देख व्यक्ति पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा और भागते हुए उसने अपनी जेब से एक पैकेट निकाल कर झाड़ियां में फेंक दिया।
जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया। थोड़ी ही दूरी पर उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया और उसके द्वारा फैंके गए पैकेट को बरामद कर उसकी जांच की। जांच के दौरान उसमें से 2.96 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जिसके बाद उन्होंने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया।