गश्त के दौरान चूरा पोस्त की खेप सहित गिरफ्तार किए दो युवक
HNN/सोलन
जिला सोलन में पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने 15 किलो 648 ग्राम चूरा पोस्त सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान ट्रक चालक अरुण कुमार पुत्र राम सिंह निवासी नालागढ व मुकेश कुमार पुत्र सोहन लाल निवासी कांशीपट्टा सोलन के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कुनिहार की टीम कुनिहार बाजार के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि शिमला की तरफ से आ रहे एक ट्रक से उन्हें नशा बरामद हो सकता है। जिसके बाद उन्होंने सूचना के आधार पर स्यांवा बावड़ी के समीप शिमला की तरफ से आ रहे ट्रक (HP 12Q – 7847) को तलाशी के लिए रोका।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से प्लास्टिक के लिफाफों में 15 किलो 648 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। जिसके बाद उन्होंने दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा अब दोनों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।