Loading...

गहने चुराने के आरोप में युवक को किया गिरफ्तार

PARUL • 22 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/सोलन

जिला सोलन में अर्की क्षेत्र के बैहली गांव में चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान चमन लाल उर्फ पिंकू गांव शिकरोहा (बिलासपुर) के रूप में हुई है। बता दें आरोपी शिकायतकर्ता का भांजा है।

जानकारी के मुताबिक, बीते 6 दिसंबर को महेंद्र सिंह निवासी गांव बैहली तहसील अर्की जिला सोलन ने थाना अर्की में शिकायत दी थी कि 23 नवंबर को इनका भांजा चमन लाल उर्फ पिंकू इनके घर आया था और रात को भी इनके घर पर ही ठहरा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि वह 24 नवंबर को इनके घर से वापस गया और इनके घर से इनकी मां के सारे गहने भी चुरा कर ले गया।

जब इन्होंने भांजे से बात की तो उसने चोरी के बारे में जानकारी होने से मना कर दिया और इन्हें गाली-गलौज की व धमकियां देने लगा। उन्होंने बताया कि चुराए गए गहनों में इनकी मां का सोने का चाक, सोने के झुमके, सोने की अंगूठी, चांदी की पायलों के दो जोड़े, चांदी की दो छणकांगणियां हैं। जिसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर चमन लाल के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

जिसके बाद 21 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द चोरी किए गए गहनों को भी बरामद कर लिया जाएगा।