गहरी खाई में लुढ़की कार, जल शक्ति विभाग में कार्यरत कर्मचारी की मौत
HNN/ मंडी
द्रंग क्षेत्र की दुर्गम चौहारघाटी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां जल शक्ति विभाग में कार्यरत कर्मचारी की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार जल शक्ति विभाग में रेगुलर बेलदार के रूप में कार्यरत मोहन सिंह (46) पुत्र चेतराम निवासी गांव चनालड़ डाकघर बल्ह टिक्कर गाड़ी में सवार होकर कहीं जा रहा था।
इसी दौरान जैसे ही वह टिक्कर-सरणी सड़क पर घयाणनाला के पास पहुंचा तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 500 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। वहीं स्थानीय लोगों ने जब गाड़ी को दुर्घटनाग्रस्त देखा तो वह मौके पर पहुंच गए तथा उसे तुरंत सिविल अस्पताल पधर लाया गया।
यहां चिकित्सकों द्वारा व्यक्ति का उपचार किया गया परंतु जख्मों के घाव ना सहते हुए व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। डीएसपी पधर लोकेंद्र नागी ने घटना की पुष्टि की है।