गुजरात तट पर एनसीबी- एटीएस ने 86 किलो ड्रग्स सहित पकड़े 14 पाकिस्तानी
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ऑफ इंडिया (एनसीबी) और गुजरात एटीएस की टीम ने रविवार को ज्वांइट ऑपरेशन में ड्रग्स की एक बड़ी खेप पकड़ी है। साथ ही 14 पाकिस्तानी नागरिक भी जहाज़ से पकड़े गए।
समंदर के रास्ते पाकिस्तान से आ रहा था 600 करोड़ रुपये के कीमत का ड्रग्स, लेकिन गुप्त सूचना पर कार्यवाही करते हुए इसको अंजाम दिया है। हालांकि, तटरक्षक बल ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया कि कैसे पाकिस्तानी जहाज़ से किस तरह नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
समुद्री सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, ऑपरेशन रात भर चलाया गया। ऑपरेशन के लिए तटरक्षक जहाजों और विमानों को तैनात किया गया था। एनसीबी और एटीएस अधिकारियों ने आईसीजी जहाज राजरतन के इस्तेमाल से संदिग्ध जहाज की पहचान की। राजरतन जहाज का विशेषज्ञ दल पाकिस्तानी जहाज़ पर चढ़ गया। उन्होंने यहां जांच की।
इस दौरान अधिकारियों ने करीब 86 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया। पाकिस्तानी जहाज़ को उसके 14 सदस्यीय चालक दल के साथ पकड़ लिया गया। आगे की जांच के लिए नाव को पोरबंदर लाया जा रहा है।
बता दें गुजरात और राजस्थान में मार्च की शुरुआत से अब तक कुल 932.41 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाइयां, शराब, कीमती धातु, मुफ्त बांटी जाने वाली वस्तुएं (फ्रीबीज) और अवैध नकदी जब्त की है।