गुजरात में बिपरजॉय ने जमकर मचाई तबाही, पिता-पुत्र की गई जान, इतने लोग जख्मी……
अरब सागर से उठे चक्रवात तूफान बिपरजॉय ने गुजरात के कई जिलों में तबाही मचा दी है। चक्रवात गुरुवार शाम को गुजरात में जखाऊ पोर्ट से टकराया था। इसके बाद राज्य में 115-125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
राज्य में भारी बारिश भी जारी है। इसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात के राहत आयुक्त आलोक पांडे ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण अब तक करीब 22 लोग घायल हुए हैं।
अभी तक पिता-पुत्र की मौत की सूचना मिली है। पेड़ और खंभे गिरने की घटनाओं में 23 मवेशियों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण 524 पेड़ गिरे हैं और कहीं-कहीं बिजली के खंभे भी गिर गए हैं, जिससे 940 गांवों में बिजली गुल हो गई है।
समुद्र से लगे निचले इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसी स्थिति हो गई। राज्य में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 2 लोगों की मौत की खबर है। जबकि 22 लोग घायल हो गए।
बिपरजॉय तूफान के बाद गुजरात के भावनगर में अपने पशुओं को बचाते समय एक पिता और पुत्र की मौत हो गई। भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति के बाद इनके पशु एक गड्ढे में फंस गए थे। उन्हें बचाते समय ही दोनों डूब गए और उनकी मौत हो गई।