गुप्त सूचना के आधार पर पांवटा में चरस सहित गिरफ्तार किया नशा तस्कर
HNN/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के माजरा बाजार में एक व्यक्ति को 96 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान मुस्समी अजय सिंह पुत्र जुल्फी राम गांव खैरी तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना माजरा की टीम माजरा बाजार से गश्त करते हुए बंगाला बस्ती माजरा पहुंची।
इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि पड़दुनी रोड़ से थोड़ी दूर पर दो मंजिला भवन में अजय सिंह की प्रचून की दुकान है और वह अपनी प्रचून की दुकान मे चरस/सुल्फा बेचने का धन्धा करता है। जिसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस की टीम वहां पहुंची। उन्होंने अजय सिंह की दुकान की तलाशी ली। दुकान में रखे लकड़ी के काउंटर में एक बाल्टी स्टील के नीचे एक पोलोथिन का लिफाफा बरामद हुआ।
जिसमें से बत्तीनुमा काले रंग का पदार्थ बरामद हुआ, जो जांच करने पर 96 ग्राम चरस/सुल्फा पाया गया। जब पुलिस ने उससे इसे रखने के बारे में कोई भी लाईसैंस/परमिट पेश करने को कहा तो वह कोई भी परमिट पेश न कर सका। जिसके बाद उन्होंने उक्त दुकानदार अजय सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया।