गैस को लेकर अफवाहों से बचें, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
अनावश्यक रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण न करें : प्रियंका वर्मा
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
जिला सिरमौर में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा है कि जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मध्य-पूर्व एशिया में जारी अंतरराष्ट्रीय संघर्ष को लेकर तेल और गैस संकट की आशंकाओं के बीच प्रदेश सहित जिला सिरमौर में भी एलपीजी की उपलब्धता को लेकर कुछ भ्रामक सूचनाएं फैल रही हैं।
उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करवाएं ताकि सभी को समय पर आपूर्ति मिल सके।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग एसएमएस, मोबाइल एप, मिस्ड कॉल और ओएमसी की वेबसाइट के माध्यम से आसानी से कर सकते हैं।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अनावश्यक देरी या किसी अन्य प्रकार की समस्या आती है तो वह संबंधित गैस एजेंसी अथवा जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सिरमौर के दूरभाष नंबर 01702-222558 पर संपर्क कर सकता है।