Loading...

गांधी-शास्त्री के आदर्शों से राष्ट्र निर्माण की राह, सोलंकी ने भाजपा पर साधा निशाना

Shailesh Saini • 59 Mins Ago • 1 Min Read

अजय सोलंकी बोले—सत्य, अहिंसा, सादगी और संविधान की ताकत के आगे तानाशाही सोच नहीं टिक सकती

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन स्थित जिला कांग्रेस भवन में गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक अजय सोलंकी ने की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।अजय सोलंकी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ऐसी महान विभूतियां थीं, जिन्होंने अपने विचारों, त्याग और संघर्ष से देश को नई दिशा दी।

गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को आजादी दिलाने के साथ पूरी दुनिया को शांति और मानवता का संदेश दिया। वहीं शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और नैतिकता के प्रतीक थे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर देश की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता को समान महत्व दिया।

उन्होंने कहा कि खाद्यान्न संकट के दौर में शास्त्री जी ने स्वयं उपवास रखकर देशवासियों को त्याग और अनुशासन का संदेश दिया। आज भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर होकर दूसरे देशों की जरूरतों में भी सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छता संदेश को भी जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

स्वच्छता व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ राष्ट्र के स्वास्थ्य से भी जुड़ी है।राजनीतिक मुद्दे पर अजय सोलंकी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कुछ ताकतें सामाजिक बिखराव पैदा करने में लगी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश बचाओ अभियान चला रहे हैं।

संविधान की ताकत से टकराने वालों का इतिहास गवाह है कि ऐसी सोच ज्यादा समय तक नहीं टिकती। उन्होंने कहा कि देश का युवा संविधान के खिलाफ उठने वाली ताकतों का लोकतांत्रिक तरीके से सामना कर रहा है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, पार्षद राकेश गर्ग, नरेंद्र तोमर, अनिल शर्मा उर्फ टीपू, मनीराम पुंडीर, कविता कंवर, बाबूराम सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।