पांवटा साहिब के यमुना कुल्हाल पुल पर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत
हिमाचल-उत्तराखंड को जोड़ने वाले पुल पर हुआ भीषण हादसा, मृतकों में शिलाई, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के युवक शामिल
हिमाचल नाऊ न्यूज पांवटा साहिब
हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना नदी पर बने यमुना कुल्हाल पुल पर शनिवार रात करीब 10:35 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। पांवटा साहिब की ओर से जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।मृतकों की पहचान 32 वर्षीय तरसेम सिंह पुत्र अतर सिंह निवासी शिलाई, जिला सिरमौर, 37 वर्षीय अमित कुमार पुत्र महाकर सिंह निवासी शांति नगर, भोपा रोड, नई मंडी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश तथा सोनू पुत्र वेदपाल सिंह निवासी नगला हुकम सिंह, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रविवार को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने यमुना कुल्हाल पुल पर हुए हादसे में तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि की है।