गोबिंद सागर झील में तैरता मिला पौने 3 किलो का पत्थर, थाना बंगाणा ले आई पुलिस

By Ankita Published: 29 Jul 2023, 12:20 PM | Updated: 29 Jul 2023, 12:20 PM 1 min read

HNN/ ऊना

गोबिंद सागर झील के लठियाणी घाट पर पानी में तैरता पत्थर मिला है। झील में तैरते पत्थर का रहस्य क्या है, इस पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वीरवार सायं पुलिस टीम घाट पर अपनी रूटीन चैकिंग के लिए गई हुई थी। इस दौरान टीम को झील में एक पत्थरनुमा चीज तैरती दिखाई दे रही थी। पुलिस झील में तैर रहे पत्थर को निकाल कर साथ ले गई। जवान उक्त पत्थर को उठाकर थाना बंगाणा ले आए।

जब थाना बंगाणा में पानी की भरी बाल्टी में उक्त पत्थर को डाला तो पत्थर बाल्टी में भी तैरने लगा। इसका पता चलते ही आसपास के लोग थाना बंगाणा में पत्थर देखने पहुंच गए। पत्थर का वजन पौने 3 किलोग्राम है। उक्त पत्थरनुमा वस्तु को देखने लोग पुलिस थाना पहुंच रहे हैं। एएसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि लठियाणी में गोबिंद सागर झील में उक्त पत्थरनुमा वस्तु तैरती मिली है जिसे पुलिस थाना ले आए हैं।