Loading...

गौशाला चढ़ी आग की भेंट, तीन गाय समेत 6 मुर्गे जले जिंदा

SAPNA THAKUR • 13 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

जिला चंबा के उपमंडल सलूणी में एक गौशाला आग की भेंट चढ़ गई जिससे तीन गाय समेत छह मुर्गे जिंदा जल गए हैं। हालांकि ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया परंतु सफलता हाथ नहीं लगी। जिस वक्त आगजनी की घटना हुई उस वक्त बारिश-बर्फबारी भी हो रही थी। बावजूद इसके आग की लपटों ने सब कुछ जला कर राख कर दिया।

वही अभी तक आग लगने के कारणों का भी खुलासा नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार सलूणी उपमंडल से करीब 25 किलोमीटर दूरी पर ग्राम पंचायत डियूर के गांव कुठेड़ में अब्दुल गनी की पशुशाला ने आग पकड़ ली। गौशाला में आग की लपटें उठती देख परिवार के सदस्य मौके पर एकत्रित हो गए और चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। जिसके बाद ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने में जुट गए।

बावजूद इसके आग की लपटें इतनी तेज थी कि सारी गौशाला चपेट में आ गई और अंदर बंधी तीन जर्सी गाय समेत छह मुर्गे ज़िंदा जल गए। उधर, घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम सलूणी ने आग लगने के कारणों की जांच करने और प्रभावित पशुपालक को फौरी राहत राशि जारी करने के आदेश दे दिए हैं।