Loading...

ग्राहकों के लिए विदेशों में सामान निर्यात की सुविधा हुई शुरू

PARUL • 15 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना के डाकघर ऊना में ग्राहकों के लिए विदेशों में सामान निर्यात करने की सुविधा शुरू हो गई है। जहां पहले ज्यादा पैसे खर्च कर निजी कंपनियों के जरिए विदेशों में सामान भेजा जाता था, वहीं अब इस सुविधा से स्थानीय उत्पादक कम पैसों में आसानी में विदेशों को अपना उत्पाद भेज पाएंगे। इसके लिए मुख्य डाक कार्यालय ऊना में विशेष काउंटर भी स्थापित किया गया है। सामान पर कस्टम की ड्यूटी की औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया भी घर बैठे ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे।

बता दें कि डाक विभाग न केवल ग्राहकों को बेहतर सुविधा दे रहा है, बल्कि सस्ती सरकारी दरों पर विदेशों को पार्सल भी भेज रहा है। सामान भेजने के लिए संबंधित फर्म अपने कार्यालय और घर से ही सामान की बुकिंग कर सकती है। इसके लिए उत्पादक को डाक विभाग से ऑनलाइन आईडी तैयार कर पंजीकरण कराना होगा। औपचारिकताओं के बाद मिली आईडी से यहां पर सामान से लेकर वेट आदि का विवरण दर्ज करना होगा।

पार्सल मान्य होने पर डाक विभाग उसे पार्सल को संबंधित डाक विभाग के माध्यम से भी भेजने के लिए लेगा। डाकघर में पार्सल निर्यात केंद्र में उस विवरण को कॉपी किया जाएगा। पार्सल को निर्यात करने का शुल्क भी ऑनलाइन ही काटा जाएगा।

भूपिंद्र सिंह अधीक्षक डाकघर ऊना ने बताया कि पार्सल में ज्वलनशील पदार्थ जैसे मोबाइल बैटरी, पावर बैंक, सैनिटाइजर, परफ्यूम, कंप्रेस्ड लिक्विड, लिथियम बैटरी, मैग्नेटाइट मटेरियल, खतरनाक सामान, ड्रग्स जैसी चीजें नहीं भेजी जा सकती। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से इस सुविधा को देश की जीडीपी के उत्थान के लिए शुरू किया है।

साथ ही उन्होंने बताया कि डाक विभाग से पंजीकरण के लिए उत्पादक फर्म को dnk.cept.gov.in पोर्टल पर यूजर नंबर और पासवर्ड लेना होगा। अलग-अलग देश के हिसाब से पार्सल भेजने की फीस तय होती है। सामान के पंजीकरण समय संबंधित देश में भेजने का मूल्य दर्शाया जाता है।

साथ ही कस्टम ड्यूटी को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति भी बनाई गई आईडी पर प्रदर्शित होगी, जिसे संबंधित उत्पादक ऑनलाइन समाधान कर राहत पा सकता है। ऊना में अभी तक इस सुविधा का लाभ एक फर्म की ओर से लिया गया है।