घर बैठे पैसे कमाने के चक्कर में व्यक्ति ने गंवाए 15 लाख रुपए
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। यह ताजा मामला टैलीग्राम पर घर बैठे पैसे कमाने को लेकर हुआ है तथा शातिरों ने उक्त व्यक्ति से ऑनलाइन ठगी करके 15,70,998 रुपए खाते में डलवा लिए। जानकारी के अनुसार, साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में प्रागपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी पर मामला दर्ज करवाया है।
साइबर पुलिस थाना में सौंपी अपनी शिकायत में व्यक्ति ने बताया है कि उसे टैलीग्राम पर घर बैठे पैसे कमाने का मैसेज आया, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इस दौरान उसे ऑनलाइन आधारित कार्य दिया गया, उसने पहले चरण को पूरा कर लिया। इसके चलते उसके खाते में कुछ राशि आई और उसे एक अन्य कार्य दिया गया, जिसे भी उसने पूरा कर लिया। इस दौरान शातिरों ने पीड़ित के खाते में कुल करीब 4 हजार रुपए की राशि डाली।
इसके बाद वे उसे कार्य पर कार्य देते गए और कार्य पूरा होने पर उसकी कमाई राशि को देने की बात कहते गए। इसके चलते पीड़ित ने ऑनलाइन करीब 18 अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से शातिरों के खाते में 15,70,998 रुपए डाल दिए। ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर पुलिस थाना नाॅर्थ जोन धर्मशाला में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। एएसपी साइबर थाना धर्मशाला प्रवीन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।