घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक, डंडों से पिटाई कर किया लहूलुहान
HNN / कुल्लू
जिला कुल्लू में एक वृद्ध महिला के साथ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में घायल 78 वर्षीय फूला दासी ने बताया कि उसके घर में देर रात दो अज्ञात व्यक्ति अचानक घुस आए।
दोनों व्यक्तियों ने पहले उसे बंधक बनाया और उसके बाद लकड़ी के डंडे से उसकी पिटाई की। मारपीट के चलते वह लहूलुहान हो गई और बेहोश होकर नीचे गिर पड़ी। महिला को बेहोशी की हालत में छोड़कर दोनों अज्ञात शख्स मौके से फरार हो गए। जब सुबह उसकी पड़ोसन उसके घर आई, तो उसने देखा कि बुजुर्ग महिला बेहोशी की हालत में नीचे जमीन पर पड़ी हुई थी।
इसके बाद आसपास के लोग महिला को तुरंत अस्पताल ले आए, साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी। उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।