घर में चल रहा था अवैध शराब का धंधा, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ी…
HNN / बिलासपुर
जिला बिलासपुर के पुलिस थाना घुमारवीं के तहत पुलिस ने देर रात एक घर में दबिश देकर अवैध शराब की 46 बोतलें बरामद की। आरोपी की पहचान शेर सिंह निवासी गांव रंगलोह जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस का एक दल गांव में गश्त पर था।
इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गांव का एक व्यक्ति घर में अवैध शराब का धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब घर में दबिश दी, तो देखा कि घर में शराब बनाने का सामान पड़ा था। जब घर की तलाशी ली गई तो कमरे के एक कोने से 46 बोतल देसी शराब की बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए शराब की बोतलों को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने की है।