घर से युवक को उठा ले गई एटीएस, प्रधानमंत्री को ई-मेल कर जान से मारने की दी थी धमकी…
गुजरात के अहमदाबाद की एटीएस ने शनिवार रात बदायूं जिले में दबिश दी और शहर के आदर्श नगर मोहल्ला निवासी एक युवक को उठा लिया। बताया जा रहा है कि उसने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में मेल करके प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी। इसमें तीन लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें गुजरात की एक लड़की और दिल्ली का एक लड़का भी शामिल है।
फिलहाल युवक को एसएसपी आवास में रखा गया है जहां उससे पूछताछ की जा रही है। युवक की पहचान अमन सक्सैना के तौर पर हुई है जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। परिवार वालों ने बेटे के चाल-चलन देखकर उसको पहले ही बेदखल कर दिया था, लेकिन वह रात को कभी-कभी घर पहुंच जाता था। जिसके चलते देर रात पुलिस टीम ने उसे घर से ही पकड़ लिया। उस वक्त एटीएस युवक को सिविल लाइंस थाने ले गई, जहां उससे करीब एक घंटे तक पूछताछ की गई।
सिविल लाइंस थाने पर मीडिया कर्मियों को जुटते देखकर एटीएस युवक को एसएसपी आवास ले गई। अब वहीं उससे पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर सहंसरवीर सिंह ने बताया कि गुजरात से एटीएस आई है। वह अपनी गोपनीय पूछताछ कर रही है।