घालूवाल के शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
अरुणाचल प्रदेश में सड़क हादसे में शहीद हुए नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को उनके पैतृक गांव घालूवाल में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
हरोली विधानसभा क्षेत्र के घालूवाल गांव के वीर सपूत शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के लोगों और परिजनों ने भारी संख्या में शामिल होकर अपने वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अरुणाचल प्रदेश में सड़क हादसे में हुए शहीद
40 वर्षीय नायब सूबेदार कुलवंत सिंह भारतीय सेना में अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। 7 मार्च को अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में हुए सड़क हादसे में वह शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से चंडीगढ़ लाया गया, जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
शहीद कुलवंत सिंह की अंतिम यात्रा में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान का साहस और समर्पण सदैव याद रखा जाएगा।
प्रशासन और सेना अधिकारियों ने भी किया नमन
इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ और सेना के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग गांव पहुंचे और शहीद को श्रद्धांजलि दी। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
2003 में सेना में हुए थे भर्ती
वर्ष 1985 में जन्मे कुलवंत सिंह वर्ष 2003 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह 56 आर्टिलरी ब्रिगेड की 908 फील्ड रेजिमेंट में नायब सूबेदार के पद पर सेवारत थे। अपने पीछे वह माता महिंदर कौर, पत्नी पूजा देवी और दो बेटों सहित परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं।