चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर 36 घंटे से चक्का जाम, दूसरे दिन भी सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
HNN/ ऊना
जिला ऊना के मैहतपुर में चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर चल रहा प्रदर्शन शुक्रवार शाम 4 बजे से लगातार जारी है, वहीं अब प्रदर्शनकारियों ने संतोषगढ़ सहित पंजाब की तरफ जाने वाले संतोषगढ़ रोड़ पर भी चक्का जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों की बात सुनने डीसी ऊना राघव शर्मा व एसपी अर्जित सेन मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और धरना खत्म करने की अपील की।
दरअसल बुधवार को जिला ऊना के सनोली गांव का 39 वर्षीय दविन्द्र कुमार मैहतपुर स्थित निजी अस्पताल में नाक की सर्जरी करवाने के लिए आया था लेकिन आपरेशन के बाद युवक की मौत हो गई थी। चक्का जाम से पंजाब से ऊना आने-जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार शाम से ही पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी प्रदर्शनकारियों को मनाने में जुटे रहे ,लेकिन प्रदर्शनकारी डाक्टरों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को एक करोड़ का मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए है।
गौरतलब है कि आपरेशन के बाद हुई युवक की मौत से परिजन और ग्रामीण भड़क उठे और उन्होंने निजी अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही बरतने के आरोप जड़ते हुए पुलिस में शिकायत दी थी जिसपर पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर युवक के शव को कब्जे में लेकर टांडा मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम करवाया लेकिन पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शुक्रवार को शव हाइवे पर रख प्रदर्शन शुरू कर दिया जोकि अभी भी लगातार जारी है।
वहीं, एएसपी ऊना प्रवीण धीमान ने कहा कि पुलिस द्वारा निजी अस्पताल को सील कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों से बातचीत की जा रही है, ताकि वो धरना प्रदर्शन को खत्म करें। एएसपी प्रवीण धीमान ने कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा कुछ स्थानों पर जाम लगाया गया है, जबकि पुलिस द्वारा ट्रेफिक को वैकल्पिक मार्गों से डाइवर्ट किया गया है।