चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर भूस्खलन, पर्यटक इस मार्ग का करे प्रयोग…..
HNN/ मंडी
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर चार मिल के समीप भारी भूस्खलन हुआ है। इस दौरान हाईवे के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने से निर्माण कार्य में लगे एक ठेकेदार का स्क्रीन प्लांट मलबे में दब गया। घटना में एक ऑफिस कंटेनर भी नदी में जा गिरा। फिलहाल मौके पर हाईवे को बहाल करने के लिए ठेकेदारों ने मशीनरी लगा दी है।
बता दें कि इस हाईवे पर फोरलेन निर्माण का कार्य चला हुआ है। पहाड़ों की कटिंग की जा रही है। पहाड़ियों की स्थिति ऐसी है कि जिससे आए दिन कभी भी इस हाईवे पर भूस्खलन हो रहा है। पुलिस विभाग ने आग्रह किया है कि आने-जाने वाले सभी पर्यटक पंडोह-गोहर मार्ग व मंडी-कटोला-बजोरा मार्ग का प्रयोग करें।
वहीं इन वैकल्पिक रास्तों पर भी गाड़ियों का भारी जाम लग रहा है, जिससे पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केएमसी कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि मलबा ज्यादा आने से शाम करीब 5 बजे तक ही हाईवे को बहाल किया जा सकता है।