HNN/ मंडी
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर मंडी और पंडोह के बीच छह मील के पास भारी भूस्खलन हुआ है। इस दौरान पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरी और इसकी चपेट में मशीन सहित ऑपरेटर भी आ गया। बताया जा रहा है कि मशीन ऑपरेटर ने खतरे को भांपते हुए मशीन से बाहर निकलकर भागने की कोशिश भी की थी, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया और मलबे में ही दब गया।
अब दूसरी मशीन मौके पर बुलाकर मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। उसके बाद ही दबे हुए मशीन ऑपरेटर को बाहर निकाला जा सकेगा। जानकारी के मुताबिक, आज दोपहर करीब डेढ़ बजे केएमसी कंपनी का ठेकेदार यहां पर पहले से गिरे हुए मलबे को हटाने का कार्य कर रहा था। तभी अचानक पहाड़ी से बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा गिर गया।
इसकी चपेट में मौके पर काम कर रही एलएनटी मशीन और इसका ऑपरेटर आ गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरने से मार्ग भी वाहनों की आवाजही के लिए बंद हो गया है। वाहनों को मंडी से कुल्लू वाया कटौला और पंडोह से गोहर होते हुए सुंदरनगर भेजा जा रहा है।

