Loading...

चंबा में जल विद्युत परियोजना की कॉलोनी में आग, एक कर्मचारी की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Mar 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / चंबा

चंबा जिले के चांजू में निर्माणाधीन 48 मेगावाट जल विद्युत परियोजना की कॉलोनी में आग लगने से एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बिंदू पुत्र धर्मचंद, निवासी गांव संगेड़, डाकघर रजेरा के रूप में हुई है।

होली मनाने के बाद कमरे में सोने गया था

बिंदू पावर प्रोजेक्ट कंपनी में कार्यरत था। शुक्रवार को उसने होली का त्योहार अन्य कर्मचारियों के साथ मनाया और रात में अपने कमरे में चला गया।

रात 11 बजे लगी आग, बचाने की कोशिश नाकाम

रात करीब 11 बजे कॉलोनी में अचानक आग लग गई, जो तेजी से फैल गई। अन्य कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन बिंदू अंदर फंसा रह गया। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक वह पूरी तरह झुलस चुका था।

दमकल टीम ने आग पर पाया काबू

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। दमकल विभाग की टीम 40 किलोमीटर दूर तीसा से मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आग कैसे लगी, इसकी जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।