Loading...

चंबा में भीषण बस हादसा, खाई में गिरी निजी बस; चालक-परिचालक समेत कई यात्रियों की मौत, कई घायल

Shailesh Saini • 49 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज चंबा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में शनिवार सुबह बैरागढ़-चंबा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर यात्रियों से भरी निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में चालक और परिचालक समेत कई यात्रियों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि हादसा शनिवार सुबह करीब सात बजे हुआ। दुर्घटना के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। बस के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके के लिए रवाना हुईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रारंभिक सूचनाओं में मृतकों की संख्या अलग-अलग बताई जा रही है और आंकड़ा लगातार अपडेट हो रहा है। कुछ रिपोर्टों में आठ, जबकि अन्य में दस लोगों की मौत की सूचना सामने आई है।

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक रूप से मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या सामने आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Related Topics: