चार भाइयों का आठ कमरों वाला दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, करीब 5 लाख का नुक्सान
HNN/ मंडी
जिला मंडी की थुनाग तहसील की कलहनी पंचायत के जगार गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है। यहां चार भाइयों के आठ कमरों का दो मंजिला संयुक्त मकान आग की भेंट चढ़ गया। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। इस अग्निकांड में पीड़ितों को करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, चार भाइयों वेदराम, रोशन लाल, कुंदन लाल और गंगा राम पुत्रगण माघु के स्लेटपोश मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पुरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने पानी की लाइन जोड़कर और बाल्टियां भरकर आग बुझाने का प्रयास किया।
लेकिन मकान कुछ ही देर में स्वाह हो गया। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार थुनाग अमित कलथाइक ने बताया कि प्रभावितों को तिरपाल और राहत राशि प्रदान कर दी है। एसपी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि पुलिस की टीम आग लगने के कारणों की जाँच में जुट गई है।