चेक बाउंस मामलों में 1200 उद्घोषित अपराधी पुलिस गिरफ्त से बाहर
HNN/मंडी
मंडी पुलिस चेक बाउंस के मामलों में उद्घोषित अपराधियों और भगोड़ों को पकड़ने में विफल साबित हो रही है। जिले में चेक बाउंस के 1200 से अधिक उद्घोषित अपराधी और भगोड़े पुलिस के लिए कई वर्षों से चुनौती बने हुए हैं। समय-समय पर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन उनकी संख्या के मुकाबले कार्रवाई न के बराबर हो रही है।
इन भगोड़ों में कई आरोपी ऐसे भी हैं जिनके खिलाफ अदालतों में लंबे समय से चेक बाउंस के केस लंबित हैं, लेकिन वे अदालत में पेश नहीं हो रहे हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में विफल रही है। जिला मंडी की जेएमएफसी कोर्ट गोहर और थुनाग में अब तक 110 से अधिक आरोपियों को अदालत में गैरहाजिर रहने पर उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने स्वीकार किया है कि उद्घोषित अपराधियों की संख्या अधिक है, और इन्हें पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम नहीं मिले हैं। पुलिस को इन अपराधियों को पकड़ने के लिए और प्रभावी कार्रवाई करने की जरूरत है।