चोरी के मामले में दो माह के बाद एक आरोपी गिरफ्तार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस ने दो माह के बाद चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सामीर निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। आरोपी व्यक्ति ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात को कबूल किया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत नाहलियां के गांव बलाहर में गत 26 फरवरी को एक घर में कुछ अज्ञात शातिर चोरों की ओर से चोरी को अंजाम दिया गया था। इसमें आठ लाख के गहनों सहित नकदी भी चोरी की गई थी। तब से ही खुंडियां पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी और बीते कल गिरोह में से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके बयानों के अनुसार ही कांगड़ा बाजार के एक ज्वेलर को भी पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के जुर्म में हिरासत में लिया है। मामले की पुष्टि एसएचओ खुंडियां रणजीत परमार ने की है। उन्होंने कहा कि चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी अन्य भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
