चोरी के मामले में महिला गिरफ्तार, अधिकांश आभूषण भी बरामद
चंडी माता मंदिर में नाबालिग बच्ची से करवाई थी चोरी, एक अन्य महिला की तलाश जारी
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पालमपुर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। आरोपी महिला की पहचान रीता देवी निवासी मेड टंडू, तहसील पधर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने माता के मंदिर से चोरी हुए जेवरात में से 80 प्रतिशत बरामदी कर ली है।
मंदिर में करीब पांच लाख के गहने चोरी हुए थे। मंदिर में जो अंदर नाबालिग गई थी उसे भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस को अभी इस मामले में एक और महिला की तलाश है।
जानकारी के मुताबिक, पालमपुर नए बस स्टैंड के पास जय चंडी मंदिर में एक नाबालिग लड़की ने चोरी की थी। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जिस बच्ची ने चोरी की थी उसे भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जबकि इनका साथ देने वाली एक महिला की पुलिस को तलाश है। इन महिलाओं ने ही नाबालिग को मंदिर में चोरी के लिए भेजा था। थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
