Loading...

चोरों ने घर में लगाई सेंध, लाखों की नकदी व आभूषण लेकर हुए फरार

PARUL • 13 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना में दौलतपुर चौक के तहत आने वाले गणु मंदवाड़ा गांव में एक घर में चोरी की वारदात पेश आई है। जहां चोरों ने आभूषण और नकदी ही नहीं बल्कि अन्य जरूरी सामान चुरा लिया है। पीड़ित परिवार के सदस्य की पहचान राहुल कुमार, पुत्र रविंदर कुमार, निवासी मंदवाड़ा, तहसील घनारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि राहुल के पिता रविंद्र कुमार 26 अक्तूबर को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद से ही पीजीआई चंडीगढ़ में उनका उपचार चल रहा था। इसी के चलते पूरा परिवार उनकी देखभाल करने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ गया था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया और चोरी की वारदात को बड़ी ही आसानी से अंजाम दे दिया।

जब 11 दिसंबर को वह चंडीगढ़ से वापिस घर आया तो उसने देखा कि घर के कमरे का ताला टूटा हुआ है। जब वह घर के अंदर गया तो सारा सामान बिखरा देख कर हैरान हो गया। चोरों ने घर के दो कमरों से 60,000 की नकदी, स्वर्ण आभूषण, पीतल के बर्तन, डिनर सेट, कंबल और रजाईयां चुराई हैं।

जिसके बाद राहुल कुमार ने पुलिस थाना गगरेट में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।