चोरों ने घर में लगाई सेंध, सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी उड़ाई…
HNN/ कुल्लू
कुल्लू स्थित पर्यटन नगरी मनाली में चोरी की वारदात पेश आई है जहाँ शातिरों ने घर से सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। चोरों ने घर में सेंधमारी उस वक्त की जब परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। इस दौरान शातिर घर में किसी को ना पाकर अंदर घुस आये और 2 सोने के मंगलसूत्र, अंगूठी, टॉप्स, चांदी की पायल, चांदी के सिक्के और 50 हजार नकदी ले उड़े। वहीँ, परिवार के सदस्य जब वापस घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था।
अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी गायब थी। वहीँ, स्वाति भाटिया पत्नी सौरभ ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी मनाली हेमचंद वर्मा ने बताया कि घर में हुई चोरी की शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।