Loading...

छोटा चौक की गली बनी ‘कुत्तों वाली गली’, 30 से ज्यादा आवारा कुत्तों से लोग परेशान

Shailesh Saini • 53 Mins Ago • 1 Min Read

गंदगी और दुर्गंध से घरों में रहना हुआ मुहाल, कारोबारी बोले- बदबू के कारण ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच रहे

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

शहर के छोटा चौक क्षेत्र की एक गली में आवारा कुत्तों का जमावड़ा और गंदगी अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी बन गई है। हालात यह हैं कि स्थानीय लोग इस गली को अब ‘कुत्तों वाली गली’ कहने लगे हैं। गली के आसपास 30 से अधिक आवारा कुत्तों की मौजूदगी के साथ फैली गंदगी और दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। समस्या से परेशान स्थानीय लोग सोमवार को नगर परिषद की पार्षद संध्या अग्रवाल की अगुवाई में जिला प्रशासन के दरबार पहुंचे और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को सौंपे शिकायत पत्र में बताया कि गली में दिन-रात आवारा कुत्तों का जमावड़ा रहता है। कुत्ते घरों में घुस जाते हैं और कूड़ा इधर-उधर फैलाने के साथ आसपास गंदगी कर देते हैं। इससे पूरी गली में दुर्गंध का आलम बना हुआ है। बाजार से गुजरने वाले लोगों को भी बदबू से बचने के लिए मुंह ढककर निकलना पड़ रहा है।

पार्षद संध्या अग्रवाल ने कहा कि आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

समाजसेवी मनीष अग्रवाल ने कहा कि नगर निकाय सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार समस्या उठाने के बावजूद राहत नहीं मिली। ऐसे में लोगों को मजबूर होकर जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।

वहीं, गली और बाजार के दुकानदारों ने भी समस्या पर नाराजगी जताई। दुकानदारों का कहना है कि दुर्गंध के कारण ग्राहक उनकी दुकानों के सामने खड़े तक नहीं हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है और उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के साथ गली में फैली गंदगी और दुर्गंध से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। जिला प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Topics: