छौंछ खड्ड में डूबने से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में उपतहसील गंगथ की छौंछ खड्ड में डूबने से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि दूसरा व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान पाला (42) पुत्र उत्तम सिंह निवासी बेहड़ी-बोहल के रूप में हुई है, जबकि अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की पहचान शमशेर सिंह (35) पुत्र चूहड़ सिंह निवासी गांव मलाखड़ के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, पाला और शमशेर सिंह टैंट की धुलाई करने के लिए छौंछ खड्ड में गए हुए थे।
इस दाैरान वह दलदल में फंस गए। जिसके बाद उनकी मदद करने के लिए आए व्यक्ति अभिषेक ने कड़ी मश्कत के बाद दोनों को दलदल से बाहर निकाला और उपचार के लिए गंगथ अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पाला को गंभीर हालत को देखते हुए उसे नूरपुर अस्पताल रैफर किया गया। लेकिन नूरपुर अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बता दें मृतक पाला अपने पीछे पत्नी व 2 छोटे बच्चों को छोड़ गया है।