जंगली सुअरों के आतंक से किसान परेशान, फसलों को कर रहे तबाह
HNN/ मंडी
जिला के करसोग में जंगली सुअरों के झुंड किसानों की खेती को बर्बाद कर रहे हैं। तहसील मुख्यालय से कुछ किलोमीटर की दूरी पर पंचायत बखरौट के तहत कई गांव में सुअरों द्वारा फसलों को भारी नुक्सान पहुंचाया जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ रहा है। सुअरों के झुंड देर रात खेतों में पहुंचकर फसल बर्बाद कर देते हैं।
सुअरों द्वारा किए जाने वाले नुक्सान से बचने के लिए कुछ किसानों ने खेतों के आसपास तारबंदी भी कर रखी है। कुछ किसान रात में भी फसल की रखवाली करने को विवश हैं। बावजूद इसके जंगली सुअर फसलों को तबाह कर रहे है। बखरौट पंचायत के तहत देर रात को जंगली सुअरों ने खनेरी, कुजो, माहोग, जुड़, चिंडी, बाओग व तकनाड़ नाला आदि गांव में खेतों में घुसकर मक्की, दाल सहित सब्जी की फसल को तबाह कर दिया।
यहीं नहीं खेतों में घुसे सुअरों के झुंडों ने सेब के पौधों को भी नुक्सान पहुंचाया है। किसानों ने बताया, सूअर फसलों को नुक्सान पहुंचा रहे हैं जिससे अब खेती का मन नहीं होता। खेत से जरा-सी नजर हटते ही सूअर धावा बोल देते हैं। भगाने पर भी बड़ी मुश्किल से भागते हैं।