जंगल में घास काटने गए व्यक्ति के साथ पेश आया दर्दनाक हादसा, ऐसे मिली मौत
HNN/ ऊना
ऊना स्थित अंब के बेहड़ जसवां गांव में जंगल में घास काटने गए एक व्यक्ति के साथ दर्दनाक हादसा पेश आया है। इस दौरान व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा जिससे वह बुरी तरह से घायल हुआ और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी अनुसार 45 वर्षीय वीरेंद्र कुमार पुत्र हरदेव निवासी वार्ड नंबर सात बेहड़ जसवां जंगल में मवेशियों के लिए घास लाने गया था।
इस दौरान अचानक ही व्यक्ति का पांव फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। तकरीबन 50 फीट गहरी खाई में गिरने के कारण व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वही जब काफी देर तक भी व्यक्ति घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश के लिए गए जिन्हें खाई में व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला।
एसएचओ अंब आशीष पठानिया ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति की खाई में गिरने के कारण मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।