Loading...

जनता के मुद्दों से भाग रही भाजपा, इसलिए निजी आरोपों की राजनीति कर रहे उसके नेता : अजय सोलंकी

Shailesh Saini • 29 Jul 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र राणा और अन्य भाजपा नेताओं के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के पास प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का कोई जवाब नहीं है। यही कारण है कि उसके नेता लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियां कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी चल-अचल संपत्तियों का पूरा विवरण चुनावी शपथ पत्र में पहले ही सार्वजनिक कर चुके हैं। यदि भाजपा को किसी प्रकार का संदेह है तो वह संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों का दरवाजा खटखटाने के लिए स्वतंत्र है। केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने के लिए रोज नए आरोप लगाना भाजपा की हताशा को दर्शाता है।

अजय सोलंकी ने कहा कि देश इस समय युवाओं, छात्रों, रोजगार, महंगाई और किसानों से जुड़े गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता इन विषयों पर बोलने के बजाय केवल व्यक्तिगत हमलों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने उन नेताओं की संपत्तियों पर भी जवाब देना चाहिए, जिनकी संपत्ति वर्षों में कई गुना बढ़ी है, फिर दूसरों पर उंगली उठानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि काम देख रही है। भाजपा के नेता जितने चाहे आरोप लगा लें, कांग्रेस सरकार जनहित के कार्यों और विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी। जनता उचित समय पर ऐसे आरोपों और भटकाव की राजनीति का जवाब देगी।

Related Topics: