Loading...

जिंदगी परिवहन निगम को दी, बुढ़ापे में अपने ही हक के लिए तरस रहे पेंशनर

Shailesh Saini • 10 Nov 2026 • 1 Min Read

पेंडिंग एरियर, स्केल रिवीजन, महंगाई भत्ता और मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर फूटा सेवानिवृत्त कर्मचारियों का गुस्सा, सरकार और निगम प्रबंधन से लगाई न्याय की गुहार

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिंदगी के अनमोल साल हिमाचल पथ परिवहन निगम की सेवा में समर्पित करने वाले कर्मचारी आज सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। किसी ने दशकों तक बसों का संचालन किया, किसी ने यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को संभाला, तो किसी ने निगम की प्रशासनिक व्यवस्था में अपना पूरा जीवन लगा दिया। लेकिन जब उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें आर्थिक सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और सम्मानजनक जीवन की जरूरत है, तब अपने ही हक की पेंशन संबंधी देनदारियों के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों की इसी पीड़ा और नाराजगी का गुबार मंगलवार को हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक में फूट पड़ा। मंच के उपप्रधान गुमान सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में वक्ताओं ने सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति रोष जताते हुए कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे पेंशनरों को उनका जायज हक पाने के लिए बार-बार आवाज उठानी पड़ रही है।

बैठक में पेंशनरों ने लंबित एरियर, वेतनमान संशोधन, महंगाई भत्ता और मेडिकल बिलों का भुगतान तत्काल करने की मांग उठाई। उन्होंने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाले अतिरिक्त पेंशन लाभ तथा 2.59 के एरियर का भुगतान भी जल्द करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि परिवहन निगम के पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते से भी वंचित रखा गया है, जो उनके और उनके आश्रित परिवारों के साथ अन्याय है।

पेंशनरों ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। दवाइयों, उपचार और रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में समय पर पेंशन संबंधी वित्तीय लाभ और मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं होना बुजुर्गों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। जिन कर्मचारियों ने अपनी पूरी जवानी निगम की सेवा में लगा दी, उन्हें जीवन के अंतिम पड़ाव में आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

बैठक में सरकार और निगम प्रबंधन से वर्ष 2006 और 1 जनवरी 2016 को हुई वेतन एवं पेंशन फिक्सेशन में विसंगतियों को दूर करने की भी मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि पेंशन संबंधी विसंगतियों के कारण कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उचित वित्तीय लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। इसके अलावा वर्तमान में मिल रहे 400 रुपये मासिक मेडिकल भत्ते को बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी उठाई गई।

मंच के सदस्यों ने सरकार से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को केवल आश्वासनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी लंबित देनदारियों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि जीवनभर की गई सेवा का अधिकार है। बुढ़ापे में इलाज और परिवार की जरूरतों के लिए पेंशनरों को अपने ही पैसे का इंतजार करना पड़े, इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है।

बैठक में अमन कुमार, सुरेश कुमार, भारत सिंह, गीता राम, गोरखू राम, मोहम्मद इस्लाम, रंगी राम और त्रिलोक सिंह सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।